News around you

पति महिंदर सिंह के लिए गुहार: 34 साल से पति के पाकिस्तान से लौटने का इंतजार

विदो बीबी समेत तीन परिवारों को पाकिस्तान में अपने अपनों की वापसी की उम्मीद, भारत और पाकिस्तान सरकार से मदद की अपील

पंजाब :  फिरोजपुर जिले के गांव पोजोके उताड़ की निवासी विदो बीबी (62) पिछले 34 वर्षों से अपने पति महिंदर सिंह के पाकिस्तान से लौटने का इंतजार कर रही हैं। उनका पति 1990 में देश की सुरक्षा सेवा के तहत पाकिस्तान गया था, लेकिन आज तक लौटकर नहीं आया। विदो बीबी को यह भी नहीं पता कि उनके पति जीवित हैं या नहीं। उन्होंने भारत और पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि उनके पति महिंदर सिंह के बारे में कोई जानकारी प्रदान की जाए।गुहार: 34 साल से पति के पाकिस्तान से लौटने का इंतजार, पंजाब के तीन अन्य परिवारों को भी अपनों की वापसी की आस

वह कहती हैं, “मेरे पति पाकिस्तान गए थे, लेकिन 34 सालों से उनका कोई पता नहीं चला। हमें यह भी नहीं मालूम कि वह जिंदा हैं या नहीं।” विदो बीबी ने बताया कि जब उनके पति पाकिस्तान से नहीं लौटे, तो एक सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी ने उन्हें 20,000 रुपये का चेक दिया था और कहा था कि जल्द ही उनके पति के बारे में जानकारी मिल जाएगी, लेकिन इसके बाद उन्हें कोई मदद नहीं दी गई।

वर्तमान में महिंदर सिंह की उम्र करीब 65 साल होगी। जब वह पाकिस्तान गए थे, तब उनके चार छोटे बच्चे थे – करनैल सिंह, सतपाल सिंह, बलजिंदर सिंह और बग्गू। इनमें से सतपाल की मृत्यु हो चुकी है। विदो बीबी ने बच्चों के साथ गांव पोजोके उताड़ छोड़कर मायके जलालाबाद में रहने का फैसला लिया था, लेकिन इस उम्मीद में वह फिर से अपने घर लौट आईं कि शायद उनके पति उन्हें तलाशते हुए गांव पहुंच जाएं।

इसके अलावा, गांव की महिला सरपंच रानो और करनैल सिंह ने भी बताया कि इस मामले में पहले के सरपंचों ने कोई प्रयास नहीं किया था, लेकिन अब वे केंद्र सरकार को पत्र भेजकर महिंदर सिंह की तलाश की गुहार लगाएंगे। विदो बीबी, जो अनपढ़ हैं, कानूनी कार्यवाही के बारे में भी अनभिज्ञ हैं। इस गांव में ऐसे तीन अन्य परिवार भी हैं, जिनके सदस्य पाकिस्तान गए थे और लौटकर नहीं आए। इन परिवारों का भी आज तक कोई सुराग नहीं मिला है।

You might also like

Comments are closed.