चंडीगढ़ पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल और सीएम ने किया भव्य स्वागत..
तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति, पंजाब यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में होंगी मुख्य अतिथि…
पंजाब : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे के तहत सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचीं। चंडीगढ़ टेक्निकल एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के स्वागत के लिए पूरे शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। चंडीगढ़ की सड़कों पर पुलिस बल तैनात किया गया और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
राष्ट्रपति मुर्मू के आगमन के उपलक्ष्य में शहरभर में पोस्टर और होर्डिंग्स लगाए गए, जिससे पूरे वातावरण में उत्साह देखने को मिला। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद वे पंजाब राजभवन पहुंचीं, जहां राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पुनः उनका अभिनंदन किया। राजभवन में उनके सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू 12 मार्च को पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के 72वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस विशेष अवसर पर वे विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करेंगी और उन्हें प्रेरणादायक संबोधन देंगी।
राष्ट्रपति के इस दौरे को चंडीगढ़ और पंजाब-हरियाणा के लिए विशेष महत्व का माना जा रहा है। उनके आगमन से न केवल शैक्षणिक संस्थानों बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सभी कार्यक्रमों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आगामी दिनों में उनके दौरे से संबंधित और भी महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित होने की संभावना है।
Discover more from News On Radar India
Subscribe to get the latest posts sent to your email.