News around you

अम्बाला पुलिस ने साइबर अपराधियों पर कसा शिकंजा, विशेष ट्रेनिंग का आयोजन

साइबर अपराध से निपटने के लिए पुलिस कर्मचारियों को मिली विशेष प्रशिक्षण, आमजन को भी सतर्क रहने की अपील

अम्बाला: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और उनकी चुनौतीपूर्ण प्रकृति को देखते हुए, अंबाला पुलिस ने रविवार को दो दिवसीय साइबर अपराध प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की तकनीकी विशेषज्ञता को बढ़ाना और उन्हें साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष ट्रेनिंग देना था।

इस कार्यक्रम में साइबर अपराध विशेषज्ञ ईशान सिन्हा ने प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र से आए लगभग 35 पुलिस साइबर एक्सपर्ट्स को साइबर क्राइम से संबंधित नई जानकारियां दी। पुलिस अधिकारियों को विशेष तौर पर साइबर ठगों के नए हथकंडों से बचाव और उन्हें पकड़ने के तरीके सिखाए गए।

कार्यक्रम का आयोजन अंबाला मंडल पुलिस महानिरीक्षक शिबास कविराज के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक अंबाला सुरेंद्र सिंह भौरिया के नेतृत्व में हुआ। पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीके अपना कर आम जनता को ठग रहे हैं।

उन्होंने बताया कि यह विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम पुलिस कर्मचारियों को साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ा कदम उठाने में मदद करेगा। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे साइबर अपराधियों के झांसे में न आएं। सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है और लोगों को इस बारे में जागरुक करना जरूरी है।

साइबर अपराधों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस की यह पहल अहम साबित हो सकती है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

You might also like

Comments are closed.