News around you

अभी और होगी दिल्ली में बारिश! IMD ने देश के कई राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

दिल्ली मौसम: IMD ने बताया कि राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

नई दिल्ली: देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे कई राज्य बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और कई क्षेत्रों में सड़कें बह गई हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी कि दिल्ली में रविवार को आम तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है।

शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान के बराबर है। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 92 प्रतिशत रहा। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के दौरान अक्सर जाम लग जाता है, जिससे लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में काफी कठिनाई होती है।

मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शाम चार बजे 70 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

AQI की श्रेणियाँ इस प्रकार हैं: शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’, और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’।

8 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। 9 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।

 

महाराष्ट्र में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम भारत के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है। आज और कल मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में और 12 सितंबर को विदर्भ में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

अगले सात दिनों के दौरान मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, 8 से 12 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, 8-13 सितंबर के दौरान विदर्भ, 8-10 सितंबर के बीच मध्य महाराष्ट्र और 12-13 सितंबर को मराठवाड़ा में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि तटीय आंध्र प्रदेश में आज अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। आज और कल तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में भी अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा का अनुमान है। इसके साथ ही, केरल में आज और कल भारी बारिश की संभावना है। 8 से 10 सितंबर तक तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, तेलंगाना, और 7-11 सितंबर के दौरान तटीय कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है।

You might also like

Comments are closed.