News around you

Chandigarh News: चंडीगढ़ में पक्का मोर्चा समाप्त, किसान घर लौटे

चंडीगढ़। सेक्टर-34 स्थित मेला ग्राउंड में किसानों का पक्का मोर्चा शुक्रवार दोपहर को समाप्त हो गया। किसान नेताओं ने महापंचायत के बाद घोषणा की कि पंजाब सरकार ने उन्हें 30 सितंबर तक उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। यदि सरकार द्वारा आश्वासन पर अमल नहीं किया गया, तो किसान मटका चौक पर नया पक्का मोर्चा लगाएंगे। धरना समाप्त होने से प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली है।


वीरवार को किसानों के साथ पंजाब सरकार की करीब ढाई से तीन घंटे लंबी बैठक हुई। इस बैठक की जानकारी शुक्रवार को किसान नेताओं ने मेला ग्राउंड में हजारों किसानों के बीच साझा की। उन्होंने बताया कि सरकार ने उनकी प्रत्येक मांग पर क्या जवाब दिया। आंदोलन समाप्त करने की घोषणा के बाद, किसानों ने अपने तंबू हटा दिए और सामान ट्रॉलियों व अन्य वाहनों में लोड कर लिया।
पंजाब खेत-मजदूर यूनियन के अध्यक्ष जोरा सिंह ने कहा कि सरकार ने 30 सितंबर तक उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। कुछ मांगों पर तुरंत कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसी वजह से किसानों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। किसान नेताओं ने चंडीगढ़ पुलिस से मटका चौक पर प्रदर्शन करने वाले पंजाब कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द करने की भी मांग की।

धरने के दौरान चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए पंजाब पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के करीब 1300 जवान तैनात किए गए थे, जिसमें कांस्टेबल से लेकर आईपीएस अधिकारी तक शामिल थे। आंदोलन के कारण सेक्टर-34 में स्थित निजी शिक्षण संस्थान और कार्यालयों के स्टाफ को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, मेला ग्राउंड में लगने वाली साप्ताहिक मंडी भी प्रभावित हुई।

You might also like

Comments are closed.